Car dealer dies in Mumbai: मुंबई के मीरा रोड इलाके में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक सेकेंड हैंड कार की जांच करते समय 25 वर्षीय यूज्ड कार डीलर की एयरबैग खुलने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक कार खरीदने से पहले उसकी तकनीकी स्थिति की जांच कर रहा था। मृतक की पहचान मोहित सुरेश सोनी (25) के रूप में हुई है। वह मीरा रोड स्थित टियारा हिल्स हाउसिंग सोसाइटी का रहने वाला था और सेकेंड हैंड कारों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर मोहित काशीमीरा के प्लेजेंट पार्क सोसाइटी के पास एक कार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कार के स्टीयरिंग में लगा एयरबैग अचानक खुल गया। एयरबैग खुलते ही उसका कवर तेज रफ्तार से उछलकर मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से से जोरदार टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी गर्दन पर गहरी चोट लगी और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोहित को तुरंत भायंदर स्थित पंडित भीमसेन जोशी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
काशीमीरा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक पनमंड कर रहे हैं। मोहित के भाई कुलदीप सोनी ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि बिना किसी दुर्घटना के एयरबैग अचानक कैसे खुल गया।
पुलिस ने बताया कि कार की तकनीकी जांच के लिए ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की मदद ली जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कार के एयरबैग सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी थी या पहले से कोई गड़बड़ी मौजूद थी। इसके अलावा पुलिस कार के मूल मालिक का भी पता लगा रही है। यह भी जांच की जाएगी कि क्या पहले इस कार के एयरबैग में कोई समस्या आई थी या उसके सिस्टम की कभी मरम्मत या बदलाव किया गया था। फिलहाल पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...