
2500 candidates applied for 50 HRTC posts : हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों के लिए निकली भर्ती उस समय विवादों में घिर गई, जब भोटा बाईपास स्थित एक होटल में चल रही चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा कर दिया।
इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक और टेक्नीशियन समेत करीब 50 पदों की भर्ती में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया बीच में ही रद्द करनी पड़ी। भर्ती के लिए 50 पदों के मुकाबले प्रदेश भर से करीब 2000 से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने से स्थिति बेकाबू हो गई। हंगामे के दौरान होटल परिसर में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। सुबह करीब 10:30 बजे के बाद अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। समुचित व्यवस्था नहीं होने और कुछ अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार पहले लेने की बात कही। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर एचआरटीसी के अधिकारी और पुलिस करीब 11:30 बजे मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोपहर करीब 12:00 बजे भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय लिया गया। हंगामा शुरू होने से पहले केवल करीब 20 अभ्यर्थियों का ही साक्षात्कार लिया जा सका था। अभ्यर्थियों ने शर्त रखी कि यदि भर्ती प्रक्रिया रद्द करनी है तो पहले लिए गए साक्षात्कार भी निरस्त किए जाएं, अन्यथा सभी इच्छुक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाए।
हंगामे के दौरान होटल के मुख्य प्रवेश द्वार, फ्रिज, गमले सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में निजी कंपनी के डीजीएम वीरेंद्र कुमार का कहना है कि फिलहाल हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। होटल में हुए नुकसान की भरपाई कंपनी की ओर से की जाएगी। भर्ती रद्द की गई है। जबकि एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि निजीं कंपनी की ओर से साक्षात्कार का आयोजन किया गया। यहां से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों की सेवाएं इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए ली जानी थीं। सूचना मिली है कि भर्ती रद्द हो गई है।
Also Read