नेशनल डेस्क: दिल्ली के रोहिणी में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, जहां झुग्गियों में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। आग लगने की घटना रोहिणी के मांगे राम पार्क में देर रात करीब 1 बजकर 25 मिनट पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फायर अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि बुद्ध विहार में एक प्लॉट के अंदर तीन-चार झुग्गियां बनी हुई थीं। लोग इसमें कबाड़ का सामान इकट्ठा करते थे। उसी सामान में आग लग गई। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। फायर ब्रिगेड की तरफ से आग बुझाने के लिए 6 गाड़ियां मंगवाई गई हैं। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
मरने वालों में एक परिवार के 3 लोग शामिल
इस हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पति-पत्नी और एक बच्चा शामिल है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।