नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आंधी और बारिश से एक कच्चा मकान गिर गया। घर के अंदर ईंट-भट्ठा मजदूर सो रहे थे। इस हादसे में मंगर सरोज की 26 वर्षीय पत्नी माया देवी, चार वर्षीय बेटी श्वेता और तीन वर्षीय बेटे अनुभव की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं मंगर का छह वर्षीय पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों द्वारा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
वहीं सिराथू तहसील क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में टीन शेड की चपेट में आने से 50 साल के चंद्रभवन पुत्र शुकरु की मौत हुई है। पुलिस द्वारा शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के समय मंगर ईंट भट्ठे पर था। उसकी पत्नी बेटे व बेटी की मौत घर के सामने लगे नीम का पेड़ घर पर गिरने से हुई। इस हादसे के बाद बस्ती में मातम छा गया है। पुलिस-प्रशासन के अफसर मौके पर मौजूद हैं।
बता दें अन्य जगहों पर कहीं मवेशी की मौत हुई तो कहीं पेड़ों की डाल, छप्पर गिरने से कई लोग घायल हुए हैं। जिलाधिकारी डा. अमित पाल शर्मा का कहना है कि नुकसान के आकलन के लिए राजस्व कर्मियों की टीमें मौके पर हैं। मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: NEET के री-टेस्ट के लिए सरकार ने शुरू की तैयारियां, एयरफोर्स के विमानों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे पेपर!

