Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ज्वैलर से 11.50 लाख की उगाही करने वाले 4 फर्जी आईबी अधिकारी गिरफ्तार

March 23, 2025

ज्वैलर से 11.50 लाख की उगाही करने वाले 4 फर्जी आईबी अधिकारी गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई पुलिस ने 4 ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खुद को इंटैलिजैंस ब्यूरो का अधिकारी बताकर भुलेश्वर मार्केट के एक ज्वैलर से 11.50 लाख रुपए ठग लिए। यह घटना मुंबई के वीपी रोड इलाके में हुई और पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान पवन सुधाकर चौधरी (33), श्रीजीत गायकवाड़ (32), सूर्यकांत शिवाजी शिंदे (32) और किसान धोंडीबा शेलार (53) के रूप में हुई है। वीपी रोड पुलिस के मुताबिक, 4 अज्ञात लोग भुलेश्वर की एक ज्वैलरी दुकान में घुसे और खुद को आईबी अधिकारी बताया। दुकान में पहुंचते ही उन्होंने कर्मचारियों को मोबाइल फोन बंद करने और बाहर न जाने का आदेश दिया।

जालसाजों ने दुकान मालिक पर अवैध नकदी लेनदेन का आरोप लगाया और कहा कि यह गंभीर अपराध है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचाने के बदले 25 लाख की मांग की। जब ज्वैलर ने पूरी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसे धमकाया गया। डर के मारे उसने 11.50 लाख दे दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और कहा कि वे अपने सीनियर अधिकारियों को पैसे देने जा रहे हैं। जब वे वापस नहीं लौटे, तो ज्वैलर को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और मामला दर्ज किया। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज हासिल किए, जिसमें चारों आरोपियों के चेहरे साफ दिख रहे थे। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी और गुप्त सूचनाओं की मदद से पुलिस ने चारों को मुंबई के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या ये आरोपी पहले भी ऐसी ठगी की वारदातों में शामिल थे। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- RSS प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान, कहा- हिंदुओं में एकता की कमी और बार-बार गुलामी…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें