Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

46 डिग्री की तपिश के बाद मेघों की दस्तक, मिल सकती है राहत

June 10, 2026

46 डिग्री की तपिश के बाद मेघों की दस्तक, मिल सकती है राहत

अंबाला। भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। यदि बात करें IMD की तो 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है। इससे तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

कई जिलों में पारा 40 से 46 डिग्री के बीच

फिलहाल प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच है। गर्म हवाओं का दौर चल रहा है। ऐसे में सबसे ज्यादा मुश्किल सफर करने वालों को हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 जून से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जिसके चलते हिसार, भिवानी, रोहतक, करनाल, अंबाला, कुरुक्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। प्रदेश के रोहतक जिले में सबसे ज्यादा 45.9 डिग्री तापमान: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार और सिरसा में 44.8 डिग्री, अंबाला में 43.6 डिग्री, करनाल में 43.4 डिग्री, नूंह में 43.2 डिग्री और गुरुग्राम में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय लोगों को भीषण गर्मी लगती रही।

कुछ जिलों में बारिश ने दी राहत

दक्षिणी हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में बारिश से आंशिक राहत जरूर मिली है। महेंद्रगढ़ जिले में 19 मिलीमीटर तथा भिवानी में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। नारनौल का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। बारिश का असर तापमान पर ज्यादा दिखाई नहीं दिया और गर्मी का प्रकोप बना रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में लू चलने की संभावना जताई है. विभाग का कहना है कि इन जिलों में दिन के समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

तीन दिनों में और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग ने बताया कि 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। 11 और 12 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें