Site icon Dainik Savera Times

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

jharkhand lightning strike

jharkhand lightning strike

नेशनल डेस्क: झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में वज्रपात की कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें पांच लोगों की मौत हो गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं, एक किशोरी और एक 12 वर्षीय बालक शामिल हैं।

लोहरदगा में सबसे ज्यादा असर

सबसे अधिक नुकसान लोहरदगा जिले में हुआ, जहां अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की दो घटनाओं में दो महिलाओं की जान चली गई और आठ लोग झुलस गए। सभी घायलों का इलाज जिला सदर अस्पताल में किया जा रहा है। मृत महिलाओं की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव निवासी 48 वर्षीय घूरती उरांव और बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव निवासी 40 वर्षीय असीदा खातून के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, असीदा खातून बकरियां चराने के लिए खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घूरती उरांव अपने खेत में बादाम की फसल लगाने का काम कर रही थीं। काम के दौरान अचानक बिजली गिरने से उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पलामू में वृद्ध महिला और 12 वर्षीय बच्चे की मौत

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में भी वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्ध महिला और एक 12 वर्षीय बालक की जान चली गई। बताया गया कि ढूब गांव की 60 वर्षीय चिंता कुंवर नदी किनारे गायों की देखभाल कर रही थीं। बारिश शुरू होने पर वह बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं उकसू गांव का 12 वर्षीय कनेश कुमार घर से गाय बांधने के लिए बाहर निकला था। उसी समय आकाशीय बिजली उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चतरा में किशोरी की गई जान

चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड के रिमी गांव में भी वज्रपात की एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां पूजा कुमारी नाम की एक किशोरी आम के बगीचे के पास रुकी हुई थी। तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ों और नदी-तालाब के आसपास जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Exit mobile version