Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो को मारी टक्कर, ड्यूटी पर तैनात 5 पुलिसकर्मियों की मौत

February 22, 2026

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो को मारी टक्कर, ड्यूटी पर तैनात 5 पुलिसकर्मियों की मौत

नेशनल डेस्क: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिला में रविवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना झारसुगुड़ा सदर थाना के सामने उस समय हुई, जब तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की बोलेरो गाड़ी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी ड्यूटी पर थी और उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एपीआर जवान काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की मौके पर ही जान चली गई।

दुर्घटना में दो एपीआर जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से घायलों को तुरंत झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच जारी है। इस हादसे से पूरे जिले में शोक की लहर है। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले जवानों को पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि दी है।

Video: भारतीय सेना ने कुपवाड़ा में पहला निःशुल्क स्की प्रशिक्षण शिविर किया शुरू

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें