Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

27 किलो सोना, 171 करोड़ रुपए… माता वैष्णो देवी मंदिर में टूटा 5 साल के दान का रिकॉर्ड

March 16, 2025

27 किलो सोना, 171 करोड़ रुपए… माता वैष्णो देवी मंदिर में टूटा 5 साल के दान का रिकॉर्ड

नेशनल डेस्क: माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने पिछले पांच सालों का दान रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2024-25 वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों में ही भक्तों ने 171.90 करोड़ रुपए का दान दिया है, जो पिछले सालों की तुलना में बहुत अधिक है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, 2020-21 में दान की राशि 63.85 करोड़ रुपए थी, जबकि 2024-25 में दान का आंकड़ा 171.90 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

27 किली सोना और 3424 किलोग्राम चांदी दान की

इसके साथ ही, श्रद्धालुओं ने 27.7 किलोग्राम सोना और 3424 किलोग्राम चांदी भी दान की है, जो 2020-21 में दान की गई मात्रा से कहीं ज्यादा है। 2020-21 में 9 किलोग्राम सोना और 753 किलोग्राम चांदी दान की गई थी।

आरटीआई कार्यकर्ता ने मांगी थी जानकारी

आरटीआई कार्यकर्ता रमन शर्मा ने दान के रिकॉर्ड के बारे में जानकारी मांगी थी, जिसके बाद श्राइन बोर्ड ने इन आंकड़ों को सार्वजनिक किया। इस दौरान 2021-22 में 166.68 करोड़ रुपए, 2022-23 में 223.12 करोड़ रुपए और 2023-24 में 231.50 करोड़ रुपए का दान हुआ था।

कोविड के दौरान बंद रहा मंदिर

कोविड-19 महामारी के दौरान मंदिर कुछ महीनों तक बंद रहा था। 2020 में लगभग 5 महीने तक मंदिर बंद रहा था और फिर 16 अगस्त 2020 को इसे फिर से खोला गया। हालांकि, इसके बावजूद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

साल दर साल बढ़ रहा दान का आकंड़ा

श्राइन बोर्ड के मुताबिक, 2021 में मंदिर में 55.88 लाख भक्त आए थे, 2022 में 91.25 लाख, 2023 में 95.22 लाख और 2024 में 94.84 लाख भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए। दान के आंकड़ों में हर साल वृद्धि हो रही है। 2020-21 में 9.075 किलोग्राम सोना दान किया गया था, जो 2024-25 में बढ़कर 27.7 किलोग्राम हो गया। चांदी की दान राशि भी इसी तरह बढ़ी है। 2020-21 में 753.630 किलोग्राम चांदी दान की गई थी, जबकि 2024-25 (जनवरी तक) में 3424.538 किलोग्राम चांदी दान की गई है। ध्यान रहे कि ये सोना और चांदी अशुद्ध रूप में दान की गई हैं, और अभी इनके बाजार मूल्य का अनुमान नहीं लगाया जा सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें