हैदराबाद: तेलंगाना के कामारैड्डी और हनमकोंडा जिलों में पिछले हफ्ते करीब 500 आवारा कुत्ताें को कथित तौर पर घातक इंजैक्शन देकर मार दिया गया, जिसके बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कुछ चुने हुए प्रतिनिधियों- जिनमें सरपंच भी शामिल हैं, उन्होंने कथित तौर पर हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान जनता से वादा किया था कि वे आवारा कुत्ताें की समस्या से निपटने के लिए कुछ करेंगे।
अब उसी चुनावी वादे को पूरा करने के लिए इन कुत्ताें को मारा गया है। पुलिस ने बताया कि कामारैड्डी जिले में इस घटना के संबंध में 5 सरपंचों सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले, हनमकोंडा जिले में श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में इसी तरह से लगभग 300 आवारा कुत्ताें को कथित तौर पर मारने के आरोप में 2 महिला सरपंचों और उनके पतियों सहित 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
सूत्रों ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में हुए ग्राम पंचायत चुनावों से पहले, कुछ उम्मीदवारों ने गांव वालों से आवारा कुत्ताें और बंदरों के आतंक से निपटने का वादा किया था। अब वे कथित तौर पर आवारा कुत्ताें को मारकर अपने चुनावी वादे ‘पूरा’ कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शवों को गांवों के बाहरी इलाकों में दफनाया गया था। बाद में जानवरों के डॉक्टरों की एक टीम ने शवों को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत के सटीक कारण और इस्तेमाल किए गए पदार्थ के प्रकार का पता लगाने के लिए आंतरिक अंगों के सैंपल फोरैंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजे गए हैं।

