Site icon Dainik Savera Times

‘लाडकी बहिन योजना’ के 68 लाख खाते बंद, सामने आई ये बड़ी वजह

Ladki Bahin Yojana

Ladki Bahin Yojana

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र सरकार की लोकप्रिय ‘लाडकी बहिन योजना’ से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। e-KYC प्रक्रिया पूरी न करने के कारण राज्य में लगभग 68 लाख लाभार्थियों के खाते बंद कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों ने तय समय सीमा तक अपनी e-KYC नहीं कराया, उन्हें अस्थायी रूप से योजना से बाहर कर दिया गया है।

सक्रिय खातों की संख्या में कमी

इस कार्रवाई के बाद योजना के तहत सक्रिय खातों की संख्या घटकर करीब 1.75 करोड़ रह गई है। पहले यह संख्या लगभग 2.43 करोड़ थी। हालांकि सरकार ने राहत देते हुए e-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब लाभार्थी 30 अप्रैल तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, जबकि पहले इसकी अंतिम तिथि 31 मार्च थी। अधिकारियों का कहना है कि जो लोग अब e-KYC पूरा कर लेंगे, उनके खाते दोबारा सक्रिय किए जा सकते हैं और कुल संख्या फिर बढ़ सकती है।

सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना में गड़बड़ियों और शिकायतों के बाद यह सत्यापन अभियान चलाया गया, जांच के दौरान यह पाया गया कि कई लाभार्थियों ने समय पर जरूरी e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की थी, जिसके चलते उनके खाते बंद किए गए।

योजना के तहत मिलने वाली राशि

‘लाडकी बहिन योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना पर सरकार हर महीने करीब 3,700 करोड़ रुपये खर्च करती है, जिससे लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलता है।

बजट में भी हुआ बदलाव

खातों की संख्या कम होने का असर राज्य के बजट पर भी पड़ा है। वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना का बजट घटाकर 26,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जबकि 2025-26 में इसके लिए 36,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए थे। यह योजना साल 2024 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

Exit mobile version