Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आगाज, 14,000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली : दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को त्यागराज स्टेडियम में 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेल 2026-27 का उद्घाटन किया। इन खेलों का आयोजन दिल्ली में तीन चरणों में किया जाएगा, जिसमें देशभर से 14,000 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं की मेजबानी दिल्ली सरकार का शिक्षा निदेशालय कर रहा है। प्रतियोगिताओं का पहला चरण 22 से 28 अक्टूबर 2026, दूसरा चरण 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 और तीसरा चरण 28 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा।

इस दौरान 14 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। इस अवसर पर आशीष सूद ने कहा कि राष्ट्रीय स्कूल खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के भविष्य के खेल तंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, चिकित्सा सहायता और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि और आर्थिक सहायता के प्रावधान भी किए गए हैं। मंत्री ने बताया कि दिल्ली में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से पीतमपुरा में नया खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। वहीं, कॉलेजों को खेल अनुदान 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करते हैं।

Exit mobile version