Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

76th Army Day : सेना के जांबाजों ने हर भूमिका में किया प्रभावित : पीएम मोदी

January 15, 2024

76th Army Day : सेना के जांबाजों ने हर भूमिका में किया प्रभावित : पीएम मोदी

नई दिल्ली। 15 जनवरी को भारतीय सेना का 76वां सेना दिवस है। भारतीय सेना इसे राष्ट्र की अखंडता की रक्षा के अटूट संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ मनाती है। सेना का कहना है कि इस दिन हम अपने उन बहादुर जवानों को भी याद करते हैं जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर भारतीय सेना को सेना दिवस की बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा,‘ भारतीय सेना के वीर साथियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को सेना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बल के वीर एवं वीरांगनाओं के अदम्य साहस, सेवा एवं समर्पण पर राष्ट्र को गर्व है। चाहे बाहरी खतरों एवं आंतरिक चुनौतियों से दृढ़ता से निपटना हो या फिर आपदा के समय मदद का हाथ बढ़ाना हो, सेना के जांबाजों ने अपनी हर भूमिका में प्रभावित किया है। भारतीय सेना ने एक संगठनशील एवं अनुशासनप्रिय बल के रूप में विश्व में विशिष्ट पहचान बनाई है।‘

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना बदलते युग की चुनौतियों के अनुरूप खुद को ढालने को लेकर सजग है और आज देश भी सभी सुविधाओं एवं संसाधनों समेत अपने सैन्य वीरों के साथ खड़ा है। सेना दिवस के अवसर पर उन सभी वीर शहीदों को राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने देश की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दे दिया। हमारे इन जांबाज साथियों एवं इनके परिवारों के त्याग एवं तपस्या को देश नमन करता है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि अमृत कालखंड में एक भव्य और विकसित भारत के निर्माण की ओर राष्ट्र तेजी से अग्रसर है। भारतीय सेना के वीर साथी देश को सुरक्षा एवं स्थिरता प्रदान करते हुए राष्ट्र निर्माण के संकल्प में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि सामूहिकता की शक्ति से ऊर्जित राष्ट्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। बल के शूरवीर अपनी सेवा, निष्ठा एवं समर्पण से मां भारती का गौरव इसी तरह बढ़ाते रहेंगे।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय थल सेना दिवस’ की सभी बहादुर सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हर भारतवासी सेना के साहस, शौर्य और पराक्रम से न केवल परिचित है बल्कि उनके प्रति कृतज्ञता का भाव भी रखता है। भारतीय सेना ने सदैव देश रक्षा की है और इसके लिए अनगिनत बलिदान भी दिए हैं। सभी देशवासियों की ओर से भारतीय सेना को मेरा नमन एवं अभिनंदन।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें