Site icon Dainik Savera Times

करोल बाग में 90 लाख की चोरी का खुलासा; दुकान का कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की मध्य जिला टीम ने करोल बाग स्थित एक थोक मोबाइल दुकान में हुई लगभग 90 लाख रुपये की चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 84 लाख रुपये नकद, चोरी किए गए मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 24 जून को बीडनपुरा स्थित मोबाइल दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि रात के दौरान दुकान से करीब 90 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर लिया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में कंपनी के ही एक भरोसेमंद कर्मचारी की भूमिका है। जांच में सामने आया कि कर्मचारी रवि उर्फ महिपाल ने अपने साथियों अंश, मनीष और दीपांशु के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले दुकान की चाबी की डुप्लीकेट तैयार करवाई और फिर रात में बिना ताला तोड़े दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मंगोलपुरी में छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version