Site icon Dainik Savera Times

बैंक आफ इंडिया की तिजोरी से 96 सोने के पैकेट गायब, जानें क्या है पूरा मामला

Bank of India

Bank of India

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद बैंक आफ इंडिया की भारौल शाखा से ग्राहकों का करोड़ों का सोना गायब हो गया है। यह सोना गोल्ड लोन के बदले गिरवी रखा गया था, जिसके 96 पैकेट तिजाेरी से गायब हैं। इस मामले में बैंक के आंचलिक कार्यालय आगरा के मुख्य प्रबंधक ने सिरसागंज थाने में पूर्व शाखा प्रबंधक सहित तीन कर्मचारियों पर FIR दर्ज करवाई है।

FIR के अनुसार, बैंक आफ इंडिया शाखा का स्टाफ और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार 27 मई से बिना बताए गायब था, जिससे तिजोरी से जुड़ा काम ठप था। उससे कोई संपर्क न होने पर शक हुआ और इसकी जानकारी आगरा कार्यालय को दी गई।

इसके बाद वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक अंकित और घिरोर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सुशील कुमार को भारौल भेजा गया। फिर तिजोरी की डुप्लीकेट चाबी बनवाई गई। बैंक के पैनल एडवोकेट शिवकुमार शर्मा की मौजूदगी और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सेफ खोला गया, जिसे देकर सब के होश उड़ गए। सेफ में से गोल्ड लोन के 96 पैकेट गायब थे, जिसकी कीमत करोड़ों में है।

फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि बैंक आफ इंडिया मुख्य प्रबंधक की तहरीर पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, निवासी गांव उमराय, हाल निवासी प्रोफेसर कालोनी, शिकोहाबाद, स्टाफ अधिकारी दिलीप और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार निवासी रायपुरा, करकोली, सादाबाद, हाथरस पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

 

Exit mobile version