Site icon Dainik Savera Times

सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर हुआ बड़ा विवाद, बदमाशों ने दुकानदार पर की फायरिंग

 

बरेली: बरेली शहर में सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने दुकानदार को जान से मारने की नीयत से गोली चलायी। पुलिस ने मंगलवार तड़के दबिश देकर पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि सोमवार की रात एक जनरल स्टोर का संचालक, सुभाषनगर निवासी शुभम यादव दुकान बंद करके घर जाने के लिये अपनी कार में बैठा था तभी आकाश गुर्जर, प्रेम दीप उर्फ लालू रॉक, अंकित यादव, ऋषभ ठाकुर, हर्ष तथा तीन अन्य लोग मोटरसाइकिल से आये।

उनमें से प्रेम दीप ने शुभम को निशाना बनाते हुए गोली चलायी मगर वह बाल—बाल बच गया। इसी दौरान बगल में स्थित एक होटल के कर्मचारियों और खाना खा रहे लोगों के शोर मचाने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग गये। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने आज तड़के करीब चार बजे दबिश देकर प्रेम दीप, ऋषभ ठाकुर, हर्ष, सौरभ और शंकर नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शुभम ने बताया कि पिछली चार अक्टूबर को आकाश, प्रेम दीप और अंकित यादव उसकी दुकान पर सिगरेट लेने आये थे। उसने जब उनसे सिगरेट के पैसे मांगे तो वे उसे धमकाने लगे। मौके पर भीड़ जमा होने पर वे तीनों 50 रुपये देकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। बदमाशों ने रास्ते में उसकी कार पर पथराव भी किया था। उसने कहा कि इसी बात को लेकर सोमवार रात बदमाशों ने उसे जान से मारने की कोशिश की।

Exit mobile version