Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

दोस्त ने ही ली दोस्त की जान… 30 लाख रुपये लौटाने से बचने के लिए दिया वारदात को अंजाम

January 12, 2026

दोस्त ने ही ली दोस्त की जान… 30 लाख रुपये लौटाने से बचने के लिए दिया वारदात को अंजाम

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आठ जनवरी को रेलवे टेक्नीशियन दीपक की हत्या कर दी गई, जिसका खुलासा खुद पुलिस ने किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक की हत्या उसके करीबी दोस्त रवि कांबोज ने ही की थी। आरोपी ने 30 लाख रुपये लौटाने से बचने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।

नहर में मिला था अज्ञात शव

आठ जनवरी की सुबह रमाला थाना क्षेत्र के किशनपुर बराल के पास पूर्वी यमुना नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव की उम्र करीब 35 वर्ष थी और उसके चेहरे पर चादर लिपटी हुई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बिस्तर रजवाहे में पड़ा मिला। नहर के पुल पर खून के धब्बे और वाहन के टायरों के निशान भी मिले थे। इससे पुलिस को शक हुआ कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।

सूचना मिलने पर रमाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। जांच में पता चला कि युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना दी गई। इसके साथ ही मृतक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की गईं।

ये भी पढ़ें: खेत से लौट रही थी 9 साल की बच्ची, जंगली कुत्तों ने कर दिया हमला, मौत से परिवार में मचा कोहराम

सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने के बाद मृतक के परिजनों ने रमाला थाने से संपर्क किया। थाने पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान दीपक के रूप में की। दीपक मूल रूप से बागपत के लूंब गांव का रहने वाला था और वर्तमान में हरियाणा के अंबाला के दलीपगढ़ में रह रहा था। वह अंबाला में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। यह नौकरी उसे मृतक आश्रित कोटे में मिली थी।

नौकरी दिलाने के नाम पर लिए थे 30 लाख रुपये

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक की दोस्ती पानीपत के समालखा निवासी रवि कांबोज से थी, जो दिल्ली में रेलवे विभाग में काम करता है। करीब तीन साल पहले रवि ने दीपक के छोटे भाई संदीप को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके बदले उसने दीपक से 30 लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये की बाइक ले ली थी। नौकरी नहीं लगने पर दीपक अपने पैसे वापस मांगने लगा, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान रवि ने दीपक को पांच लाख रुपये लौटाने का बहाना बनाकर सात जनवरी की शाम मिलने के लिए बुलाया।

शराब पिलाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी रवि दीपक को कार में बैठाकर ले गया और पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद रास्ते में चाकू से गला रेतकर दीपक की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पूर्वी यमुना नहर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। उसी रात से दीपक का मोबाइल भी बंद हो गया था।

ये भी पढ़ें: बारात आने से पहले घर में ही प्रेमी-प्रेमिका कर रहे थे ‘कांड’, तभी आ धमका लड़की का पिता, आधी रात अंतिम संस्कार…

आरोपी गिरफ्तार

दीपक के साले पुनीत की शिकायत पर रमाला थाने में आरोपी रवि कांबोज और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के बाद रवि को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, दीपक की बाइक, आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें