Site icon Dainik Savera Times

भारतीय वायुसेना के विमान से पिछोर कस्बे में गिरी भारी वस्तु, मकान हुआ क्षतिग्रस्त

A heavy object fell from an Indian Air Force plane

A heavy object fell from an Indian Air Force plane

शिवपुरी : मध्यप्रदेश के पिछोर कस्बे में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के एक विमान से गिरी धातु की भारी वस्तु से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूर्वाह्न् करीब 11 बजे मनोज सागर नाम के एक व्यक्ति के मकान की छत पर एक अज्ञात भारी वस्तु आ गिरी।

अधिकारियों के मुताबिक, मकान के दो कमरे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा पास में खड़ी कार पर गिर गया। उन्होंने बताया कि पेशे से शिक्षक सागर अपने बच्चों के साथ घर के अंदर खाना खा रहे थे और उनकी पत्नी रसोई में थीं कि तभी तेज धमाके के साथ छत टूट गयी और आंगन में आठ से 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि तेज धमाके के कारण आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।

इलाके की घेराबंदी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। शिवपुरी जिले के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया, वायुसेना के जेट से धातु की भारी वस्तु मनोज सागर के मकान पर गिरी, जिससे दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घर में चार सदस्य थे और सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जांच वायुसेना और अन्य एजेंसियों के साथ की जा रही है।

हालांकि, पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि वस्तु कहां से आई, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने बताया कि वस्तु ‘बेहद ठोस’ लग रही है और इस पर जले के निशान हैं। शर्मा ने बताया, ग्वालियर ‘एयरबेस’ से संपर्क किया गया है और वहां से विशेषज्ञों की टीम आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि यह वस्तु क्या है और कहां से गिरी।

Exit mobile version