Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Indore में भीषण सड़क हादसा, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

January 9, 2026

Indore में भीषण सड़क हादसा, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

नेशनल डेस्क: इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन सहित तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

जन्मदिन की पार्टी के बाद लौट रहे थे दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार में चार दोस्त सवार थे, जो अपने मित्र प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। कार खुद प्रखर चला रहा था। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिन्धु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रेरणा बच्चन की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ मातम में बदल दिया।

ये भी पढ़ें: Punjab Vigilance Bureau की बड़ी कार्रवाई: कपूरथला में 5 हजार की रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार

एक युवती की हालत गंभीर

हादसे में अनुष्का नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सुबह 5:15 बजे हुआ हादसा

रालामंडल थाना पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और परिजनों का घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गया। पूर्व मंत्री बाला बच्चन भी इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं।

ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश के लिए शहर के बाहरी इलाकों में नाकेबंदी की गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर हादसे के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में बढ़ी सर्दी, एक दिन में 5.5 डिग्री तक लुढ़का पारा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें