Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्वालियर में खेतों में लगी भीषण आग, आस पास के गांवों तक पहुंची, कई घर जलकर खाक

April 27, 2025

ग्वालियर में खेतों में लगी भीषण आग, आस पास के गांवों तक पहुंची, कई घर जलकर खाक

ग्वालियर : मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में बिजली खराबी के कारण खेतों में आग लग गई जो बाद में चार गांवों तक फैल गई। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इसमें चार लोग घायल हो गए और कई घर जलकर खाक हो गए। अधिकारी ने बताया कि जिले की भितरवार और चीनोर तहसील में शनिवार रात आग लग गई।

भितरवार के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) संजीव जैन ने कहा कि आग भौरी, ररुआ, चीनोर और गांधी गांवों में फैल गई। उन्होंने बताया कि कई घर जलकर खाक हो गए और चार लोग घायल हो गए जिनका ग्वालियर के एक सरकारी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ मवेशी भी इस हादसे में झुलस गए हैं। भितरवार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि तूफान के बाद बिजली खराबी के कारण खेतों में आग लग गई और यह आसपास के गांवों में फैल गई।

अधिकारियों के अनुसार, जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को मुआवजा और अन्य सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सकों की एक टीम भी घायल मवेशियों के इलाज के लिए प्रभावित गांवों में पहुंच गई है। जिलाधिकारी रुचिका चौहान भी शनिवार रात घटनास्थल पर पहुंचीं और विभिन्न विभागों को राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें