तिरुवनंतपुरम: तिरुवनंतपुरम में अकथुमुरी हॉल्ट स्टेशन के पास रेल पटरी पर एक ऑटो-रिक्शा आ जाने से वंदे भारत एक्सप्रैस के साथ बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मंगलवार रात करीब 10.10 बजे कासरगोड से तिरुवनंतपुरम जा रही ट्रेन संख्या 20633 जब वर्कला-कडाक्कावुर सैक्शन में पहुंची, तभी लोको पायलट ने पटरी पर वाहन देखा। लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर तेज रफ्तार ट्रेन को रोक दिया।
ये भी पढ़ें: ट्रक और ई-रिक्शा की टक्कर, दो लोगों की मौत, 2 घायल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऑटो-रिक्शा लावारिस हालत में मिला, जिसमें कोई चालक या यात्री मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को पटरी से हटाया गया। सुरक्षा जांच के बाद ट्रेन रात 11.15 बजे दोबारा रवाना हुई। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे ने बताया कि लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बाद में ऑटो चालक सुधी को हिरासत में लिया गया, जिस पर नशे में होने का संदेह है।
ये भी पढ़ें: साजिश नाकाम, राजौरी में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता

