नेशनल डेस्क: देवा-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी के पुल के पास रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Gold Price: सोना हुआ सस्ता या चांदी की कीमतों में आया उछाल? उतार-चढ़ाव के बीच जानें सोने-चांदी के नए रेट
पुलिस के अनुसार, फतेहपुर कस्बे के भाजपा नेता गिरधर गोपाल की बिना नंबर की नई अर्टिगा कार लेकर कस्बे के ही मौलवीगंज निवासी प्रदीप रस्तोगी (55) अपने परिवार के साथ कानपुर के बिठूर में एक कार्यक्रम में गए थे। शाम को लौटते समय कल्याणी नदी पुल के करीब तेज रफ्तार ट्रक से कार की टक्कर हो गई।
हादसे में प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी (52), पुत्र नितिन (35), पुत्र कृष्णा (20), कार चालक मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र खड़ेहरा गांव निवासी श्रीकांत (40) और बालाजी की मौत हो गई। वहीं इंद्र कुमार और विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शवों को गाड़ी में से निकालने के लिए गैस कटर मंगवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज रफ्तार से आ रहा था कि ड्राइवर ब्रेक भी नहीं लगा सका। टक्कर के बाद ट्रक कुछ दूर तक घिसटता चला गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो मौके से फरार हो गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: भारत की मजबूत लोकतांत्रिक नींव के कारण दुनिया निवेश के लिए आकर्षित हो रही है : लोकसभा अध्यक्ष
दुर्घटना के बाद पूरे फतेहपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। रस्तोगी परिवार कस्बे में काफी सम्मानित माना जाता है। पिता और दो बेटों के एक साथ निधन की खबर सुनकर परिजन बेसुध हो गए। देर रात तक कस्बे के लोग उनके घर पहुंचते रहे।

