Site icon Dainik Savera Times

Chhattisgarh : बीजापुर में प्रेशर बम का विस्फोट, चपेट में आने से एक जवान शहीद

A soldier was martyred

A soldier was martyred

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तोयनार से फरसेगढ़ के बीच मोरमेड गांव के जंगल में प्रेशर बम की चपेट में आकर सीएएफ 19 वीं बटालियन का जवान मनोज पुजारी (26) शहीद हो गया है।

उन्होंने बताया कि तोयनार से फरसेगढ़ के बीच बन रही सड़क की सुरक्षा के लिए सीएएफ के दल को गश्त पर रवाना किया गया था। दल जब तोयनार से फरसेगढ़ की ओर चार किलोमीटर दूर मोरमेड गांव के जंगल में था तब सुरक्षाबल के जवान मनोज का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया। इससे बम में विस्फोट हो गया और वह शहीद हो गया।

नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी

अधिकारियों ने बताया कि जवान के शव को जंगल से बाहर निकाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने वाले कार्यों की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों को निशाना बनाना माओवादियों का कायरतापूर्ण कृत्य है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाबलों के जवानों को निशाना बनाने के लिए माओवादी जंगलों और पगडंडियों में प्रेशर बम लगा देते हैं। प्रेशर बम विस्फोट की घटना में कई जवानों की मृत्यु हुई है तथा कई अन्य घायल हुए हैं।

Exit mobile version