अलीगढ़: उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में एक 43 साल के शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद कैंपस में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र राव दानिश के रूप में हुई है। वह पिछले 11 सालों से यूनिवर्सिटी कैंपस में एबीके हाई स्कूल में टीचर के तौर पर काम कर रहे थे। बुधवार रात राव दानिश अपने 2 साथियों के साथ रोज की तरह शाम की सैर के लिए निकले थे, तभी यह घटना हुई। रात करीब 8.50 बजे, मोटरसाइकिल सवार 2 नकाबपोश हमलावरों ने कथित तौर पर उन्हें रोका और बंदूक की नोक पर धमकी दी। इसके बाद दानिश को 3 गोलियां मारी गईं, जिनमें से 2 सिर में लगीं। गोली लगने के बाद दानिश को जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।