
लखनऊ: सरोजनी नगर इलाके में 7 सितंबर 2024 को व्यावसायिक भवन गिरने की दुःखद घटना की गहन जांच के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य घटना के कारणों की गहराई से जांच करना और दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई करना है।
समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता, सचिव, गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को बनाया गया है। उनके साथ श्री बलकार सिंह, सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, और श्री विजय कनौजिया, मुख्य अभियंता (मध्य क्षेत्र), लोक निर्माण विभाग, लखनऊ, समिति के सदस्य होंगे।
सरकार ने समिति को निर्देश दिया है कि वे इस घटना के पीछे के सभी संभावित कारणों की समग्र जांच करें और रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करें। घटना स्थल, भवन की संरचना और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के साथ, जांच समिति यह भी देखेगी कि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को लेकर गंभीरता दिखाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है और समिति से अपेक्षा की है कि वे इस मामले में निष्पक्ष और विस्तृत जांच करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।