Aaj ka mausam 12 July 2025 : मानसून पूरे देश में फैल गया है। लेकिन बारिश ने कई राज्यों में भारी तबाही मचा दी है तो कहीं गरज-चमक के साथ ही बादल चले जाते है। हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश ने जन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। तो वहीं उत्तर प्रदेश में बादल गरजते तो है लेकिन बरसते नहीं। दिल्ली में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। लेकिन कई इलाके अभी भी बारिश से अछूते है। भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते है देश के अलग-अलग राज्यों में कैसा रहने वाला है मौसम का मिजाज।
दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज-
दिल्ली में आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने चमक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। बीते दिन हुई बारिश से दिल्ली का मौसम तो सुहावना हुआ लेकिन बाद में निकली धूप की वजह से उमस भी बढ़ गई। अगले कुछ दिनों तक मौसम में कुछ खासा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश-
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम के राज्यों में बारिश का अनुमान जताया गया है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 17 जुलाई तक मूसलाधार बारिश के आसार है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ-साथ बिजली चमकने का भी अनुमान है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 11 से 15 जुलाई तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य और पूर्व भारत में मौसम-
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 11 से 17 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और बिहार में 11 से 16 जुलाई तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज से 16 तक बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
अलर्ट पर गुजरात और महाराष्ट्र-
इस बार मानसून ने पश्चिम भारत को खूब प्रभावित किया है। गुजरात में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। 13 से 15 जुलाई के दौरान गोवा और कोंकण में बारिश पड़ने की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र में भी इस दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

