
Aaj ka mausam 14 Nov 2026: देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम के विभिन्न रूप देखने को मिल रहे हैं। बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। सुबह और रात के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव वाला क्षेत्र है। इसका असर देश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, 15 नवंबर को मौसम में बदलाव की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम बदलने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 14 और 15 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
वहीं, बिहार में आज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, राज्य के 15 जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। झारखंड की बात करें तो यहां के 10 जिलों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है।
राजस्थान में भी खराब मौसम का असर दिखाई देने लगा है। राज्य के छह जिलों में आज बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 15 नवंबर को आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट है।
वहीं मध्य प्रदेश में ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है। प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
इसके अलावा पंजाब के कई जिलों में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। पश्चिम बंगाल के भी कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी आने की आशंका जताई गई है।
ये भी पढ़ें- Hukamnama Today 14 Nov 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी
दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 19 नवंबर तक बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 14 से 19 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 और 19 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बहुत तेजी से बदल रहा है। उत्तराखंड के सात जिलों देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में भी आज कई जिलों में बारिश और तेज आंधी चलने के आसार हैं। राज्य में 15 नवंबर तक मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं, कश्मीर घाटी में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है।