Site icon Dainik Savera Times

Aaj Ka Mausam: कुछ ही घंटों में बदलेगा मौसम का मिजाज, पंजाब सहित इन राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

Today weather

Today weather

Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। वहीं, पश्चिम-मध्य भारत और दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले सात दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है. किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर
अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। सबसे ज्यादा असर अपर सुबनसिरी जिले में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में गिबा, निलिंग, चेतम और दापोरिजो सर्किल के करीब 35 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक लगभग 1 लाख 13 हजार 674 लोग बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हो चुके हैं। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों का संपर्क टूट गया है, जबकि निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहत और बचाव कार्य भी लगातार जारी हैं।

उत्तराखंड में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर असर
उत्तराखंड में भी खराब मौसम का असर देखने को मिल रहा है। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गर्बाधार और तंपा मंदिर के बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर गया। इसके कारण यात्रा मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रशासन की टीमें रास्ता साफ करने में जुटी हुई हैं ताकि यात्रा को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम, 20 जुलाई से बढ़ेगी बारिश
दिल्ली और एनसीआर के लोगों को अगले चार दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हालांकि दिनभर उमस बनी रह सकती है और अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 20 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। सुबह और शाम के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 21 जुलाई को भी बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और पहाड़ी इलाकों में सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

पंजाब में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
पंजाब में भी रविवार से अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। सबसे ज्यादा असर सीमावर्ती जिला पठानकोट में देखने को मिल रहा है, जहां लगातार बारिश के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version