Aaj ka mausam 19 Nov 2026: देशभर में जहां एक ओर बारिश हो रही हैं वहीं उत्तर भारत में लगातार तापमान गिर रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी 19 नवंबर को देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने कुल 13 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में बने गंभीर चक्रवाती तूफान का असर भी कई राज्यों में दिखाई दे सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में कोहरे का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड
राजधानी दिल्ली में 19 नवंबर को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में ठंड का असर भी बढ़ सकता है। कोहरे के कारण सुबह के समय मौसम में ठिठुरन महसूस होने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में कोहरा और गिरते तापमान से बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, उन्नाव, बलरामपुर, अयोध्या, रायबरेली, बाराबंकी, वाराणसी, देवरिया और सोनभद्र में ठंड और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान के प्रभाव से दक्षिण भारत के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार में पहले से ही ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। अब मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। पटना, गया, भोजपुर, गोपालगंज, जहानाबाद, रोहतास, वैशाली, बक्सर, समस्तीपुर, भागलपुर, खगड़िया और मुंगेर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। ऐसे में राज्य के मौसम में ठंडक और बढ़ने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 19 Nov 2026
झारखंड में भी बदलेगा मौसम
झारखंड में 19 नवंबर को तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा और पलामू समेत कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश और गिरते तापमान के चलते राज्य में ठंड का असर बढ़ सकता है।
राजस्थान में इन जिलों में हो सकती है हल्की बारिश
राजस्थान में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज जयपुर, झुंझुनू, सीकर, सवाई माधोपुर, चूरू, अजमेर, टोंक, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, धौलपुर और भरतपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है।
13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
IMD के मुताबिक, 19 नवंबर को बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, केरल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना है।

