Site icon Dainik Savera Times

‘आप’ ने शुरू किया ‘जेल का जवाब वोट से’ हस्ताक्षर अभियान

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ‘जेल का जवाब वोट से’ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से इंडिया समूह के प्रत्याशी कुलदीप कुमार और जंगपुरा से ‘आप’ विधायक प्रवीण कुमार ने यहाँ लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट से इस अभियान की शुरूआत की। इस दौरान कुलदीप कुमार ने कहा ,“केजरीवाल ने दिल्लीवालों के लिए मुफ्त और 24 घंटे बिजली, पानी, अच्छे स्कूल-अस्पताल समेत ढेरों सुविधाएं दी हैं।

ऐसे मुख्यमंत्री को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जेल में डाले जाने से दिल्ली की जनता में भारी आक्रोश है। दिल्लीवाले अपने बेटे अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं और इस बार ‘जेल का जवाब अपने वोट से देकर भाजपा का दिल्ली से सफाया करेंगे।”
उन्होंने कहा ,“ दिल्ली की जनता 25 मई को भाजपा को दिल्ली से उखाड़ने का काम करेगी। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली की जनता विभिन्न तरह के अभियान चला रही है। केजरीवाल के समर्थन में जब जनता सड़क पर निकलती है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी और गिरफ्तारी हो जाती है इसलिए आज जनता 25 मई को बेसब्री से इंतजार कर रही है।”

प्रवीण कुमार ने कहा,“ भाजपा ने केजरीवाल को जेल में डालकर गलत किया है। दिल्ली की जनता केजरीवाल को जेल से बाहर निकालना चाहती है और अपना गुस्सा प्रदर्शित करना चाहती है। आम जनता के अंदर भाजपा के खिलाफ माहौल बना हुआ है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों द्वारा संदेश लिखा जा रहा है। लोग अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं कि वे केजरीवाल को कितना प्यार करते हैं। केजरीवाल के काम को लोग सराह रहे हैं। भाजपा केजरीवाल को जेल में रखना चाहती है, लेकिन दिल्ली की जनता उनको बाहर निकालना चाहती है। ”

Exit mobile version