Site icon Dainik Savera Times

‘आप’ ने दिल्ली की सभी 70 सीटें जीतने का लिया संकल्प

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के बाद सभी 70 विधानसभाओं में जीत दर्ज करने का संकल्प लिया। आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आज पहली बार पार्टी के विधायकों से मिले। बैठक के बाद मनीष सिसोदिया ने कहा कि बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। साथ ही 14 अगस्त से शुरू हो रही पदयात्रा की तैयारियों पर चर्चा की गई। पदयात्रा सभी विधानसभाओं से गुजरेगी और इस दौरान ज्यादा से ज्यादा लोगों से संवाद किया जाएगा। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी का हर विधायक चुनाव तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में कैसे काम करेगा, इसकी गाइड लाइन बताई गई। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में आम आदमी पार्टी पहली ऐसी पार्टी है, जिस पर एक के बाद एक हमले हो रहे हैं। इन्होंने पार्टी के शीर्ष नेता को भी जेल में डाल दिया है। भाजपा वाले भी सोच रहे होंगे कि आजादी की लड़ाई लड़ने वालों के बाद पहली बार ऐसे लोग आए हैं, जो न टूट रहे हैं और न झुक रहे हैं।

Exit mobile version