Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत, जानें मजिस्ट्रेट ने किन शर्तों पर दी रिहाई

October 11, 2026

अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत, जानें मजिस्ट्रेट ने किन शर्तों पर दी रिहाई

नई दिल्लीः कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मजिस्ट्रेट ने रिहा कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को तीनों नेताओं को हिरासत में लिया था। इसके बाद रविवार को उन्हें दिल्ली कैंट थाने में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने तीनों को कुछ शर्तों के साथ रिहा करने का आदेश दिया। जानकारी के मुताबिक, तीनों नेताओं को रिहा करने से पहले उनसे बॉन्ड भरवाए गए। उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने और शांति भंग नहीं करने की शर्त पर छोड़ा गया है।

शांति बनाए रखने की शर्त पर मिली रिहाई
पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों नेताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की थी। ये धाराएं शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा लेने और संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी से जुड़ी हैं।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों नेताओं को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। इसके बाद उनसे बॉन्ड भरवाया गया और एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा कर दिया गया।

शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से लिया गया था हिरासत में
अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। तीनों नेता जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे।

हालांकि, दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने तीनों को एयरपोर्ट से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई एहतियातन की थी। इसके बाद तीनों को पुलिस हिरासत में रखा गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे नेता
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इसी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए पार्टी के तीनों प्रमुख नेता दिल्ली आए थे। लेकिन प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। अब मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद तीनों नेताओं को शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया है। उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने की शर्तों का पालन करना होगा।

 

कॉकरोच जनता पार्टी ने किया पोस्ट
कॉकरोच जनता पार्टी ने पोस्ट करते हुए अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई की जानकारी दी है. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कॉकरोच कभी नहीं मरते.’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें