Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

गन्ने से भरे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत

November 21, 2024

गन्ने से भरे ट्रैक्टर से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत

Accident in Bijnor : यूपी के बिजनौर में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा 20 नवंबर की रात को हुआ जिसमें दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए, जिसके बाद बाइक सवारों ने दम तोड़ दिया।

एसपी पूर्वी धर्म सिंह मारछाल ने बताया बाइक पीछे से आ रही थी और गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़ी। हादसा हल्दौर नहटौर मार्ग पर हुआ। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, एक घायल की मौत उसे इलाज के लिए ले जाने के दौरान हो गई। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया। मृतकों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।

16 नवंबर को भी बिजनौर में एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई थी। तब कार और ऑटो की भिड़ंत हो गई थी। घने कोहरे के कारण धामपुर के देहरादून-नैनीताल नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने थ्री व्हीलर वाहन को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में थ्री व्हीलर वाहन के चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। सभी मृतक झारखंड से एक शादी समारोह से वापस अपने गांव तिबड़ी लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया था कि कार किसी अन्य वाहन को ओवरटेक कर रही थी, इसी दौरान उसने ऑटो को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया था कि ऑटो में सवार सात व्यक्ति थाना धामपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे। हादसे में 6 लोगों की मौके पर और ऑटो चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें