Site icon Dainik Savera Times

पुणे में नवले ब्रिज पर भीषण हादसा, एक स्विफ्ट कार खड़ी बस से टकराई, 2 की मौत कई घायल

Pune Road Accident: पुणे में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। करीब 5 बजे बाहरी हाईवे पर वडगांव ब्रिज के पास एक स्विफ्ट कार ने खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

घायल युवकों को पहले नवले अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सभी युवक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले 17 जनवरी को भी पुणो-नासिक हाईवे पर एक तेज रफ्तार मिनी वैन सड़क के किनारे खड़ी एक बस से टकरा गई थी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 बजे पुणो-नासिक हाईवे पर नारायणगांव के पास हुआ था। मिनी वैन नारायणगांव की तरफ जा रही थी, तभी पीछे से एक टेंपो ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे वैन का रास्ता बदल गया और वह बस से जा टकराई थी। इस हादसे में वैन में सवार नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि हादसे में मिनी वैन में सवार सभी नौ यात्रियों की मौत हो गई थी।

16 जनवरी को भी मुंबई दहिसर टोल नाके पर एक कार डंपर से टकरा गई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं, एक यात्री को सुरक्षित बचाया गया था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई थी और वह जलकर खाक हो गई थी। डंपर के अगले हिस्से में भी आग लग गई थी।

Exit mobile version