Site icon Dainik Savera Times

बंगाल के बारुईपुर दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत

baruipur rape and murder case

baruipur rape and murder case

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई, जब आरोपी को अपराध स्थल पर जांच और घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराने के लिए ले जाया गया था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के तहत बुधवार रात करीब 12:45 बजे जांच टीम प्रभास मंडल को सूर्यपुर इलाके में घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। यहां आरोपी से घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि और घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था।

पुलिस का दावा है कि इसी दौरान प्रभास मंडल ने मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनने की कोशिश की और वहां से भागने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत बारुईपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मुठभेड़ की भी नियमानुसार जांच कराई जाएगी।

बता दें यह मामला बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके का है। जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय बच्ची शनिवार शाम घर से जरूरी सामान खरीदने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। अगली सुबह घर के पास स्थित एक तालाब से बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने जांच शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों के साथ बच्ची को जाते हुए देखा गया, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर अपराध की पुष्टि

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था और उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। रिपोर्ट के अनुसार, सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और मौत डूबने के कारण हुई। जांच एजेंसियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही हैं।

इलाके में आक्रोश

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version