Site icon Dainik Savera Times

गोरखपुर में बच्चे की मौत पर सीएम योगी सख्त, बोले- आरोपियों को ऐसी सजा मिलेगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी

CM Yogi strict on the death of a child in Gorakhpur

CM Yogi strict on the death of a child in Gorakhpur

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के रोड शो में नाबालिग बच्चे की मौत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि इस मामले में हमने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि आरोपियों की पहचान कर ऐसी सजा दो जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।

मुख्यमंत्री ने झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए 12-13 साल के बच्चे की हत्या का जिक्र करते हुए घटना पर दुख जताया। सीएम योगी ने कहा कि आखिर उस मासूम बच्चे का क्या कसूर था, जिसे बेरहमी से मार दिया गया। सीएम ने बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़क पर हिंसा और अराजकता फैलाने वाले आरोपियों की पहचान कर ऐसी सजा दो जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।

ऐसे लोगों के लिए सिर्फ दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम

सीएम योगी ने माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में अगर किसी ने भी माफियागिरी करने की कोशिश की, तो उसे सख्ती से कुचल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीबों की जमीन पर कब्जा करने या किसी महिला की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के लिए सिर्फ दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम।

गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू समाजवादी पार्टी की पहचान 

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की पहचान गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू से रही है। उन्होंने कहा कि माफियाओं और अपराधियों को कानून की ताकत से ही नियंत्रित किया जा सकता है और उनकी सरकार लगातार यही काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग गलतफहमी में हैं कि वे अराजकता फैलाकर और दबाव बनाकर जनता का वोट हासिल कर लेंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें लगातार नकार रही है। उन्होंने कहा कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मैदान तैयार है। अगर विपक्ष चुनाव लड़ना चाहता है, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से मैदान में आए।

‘वे आज भगवान राम का नाम ले रहे’

उन्होंने विपक्ष पर धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले रामभक्तों पर गोली चलवाई, ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने वालों पर लाठियां चलवाईं और अयोध्या धाम की अनदेखी की, वे आज भगवान राम का नाम ले रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि लोगों को ऐसे राजनीतिक चेहरों को पहचानने की जरूरत है। उन्होंने रामायण के मारीच का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्चे भक्त अच्छे समय में भी भगवान राम को याद करते हैं, जबकि गलत काम करने वाले लोग मुश्किल समय आने पर भगवान का नाम लेने लगते हैं।

Exit mobile version