Site icon Dainik Savera Times

‘सत्ता के लालच में बेची निष्ठा’ : बागी नेताओं पर आदित्य ठाकरे का आरोप

aditya-thackeray-reacted-on-mp

aditya-thackeray-reacted-on-mp

Aditya Thackeray Reacted on MP :  मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ के लिए चल रही अटकलों के बीच शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है।

9 में से 6 सांसद एकनाथ शिंदे के साथ

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने राजनीतिक लाभ और सत्ता के लालच में अपनी निष्ठा, विचारधारा और जनता के भरोसे का सौदा कर लिया है। आदित्य के इस बयान ने राज्य की सियासत में नए विवाद को जन्म दे दिया है। आदित्य ठाकरे का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब उद्धव ठाकरे गुट को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। इन बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को अलग ग्रुप बनाने की जानकारी भी दे दी है। आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर इन बागी सांसदों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। (Aditya Thackeray Reacted on MP)

बोले- इनकी वफादारी और साख बिकाऊ

उन्होंने लिखा कि जो लालची सांसद पाला बदल रहे हैं, उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी और उनकी साख बिकाऊ है। आदित्य ने कहा कि वे बेहद बेशर्मी से बिके हैं। मौजूदा सरकार पक्षपाती है और जनता के फंड का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रही है। आदित्य ठाकरे ने बागी सांसदों को याद दिलाया कि वे कैसे चुनाव जीते थे। उन्होंने लिखा कि ये सभी सांसद महाविकास अघाड़ी (MVA) और इंडिया (INDIA) गठबंधन के दम पर एनडीए (NDA) के खिलाफ चुनाव जीते थे। चुनाव के समय इन लोगों ने खुद शिवसेना (UBT), कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार) के नेताओं से अपने लिए रैलियां करने की मिन्नतें की थीं। इसके अलावा आदित्य ठाकरे ने यह भी याद दिलाया कि जनता ने आपके क्षेत्रों में एनडीए के खिलाफ और ‘इंडिया’ गठबंधन के सिद्धांतों के लिए वोट दिया था। (Aditya Thackeray Reacted on MP)

गंदी राजनीति का घटिया उदाहरण : आदित्य

अब रातों-रात लालच में आकर सब कुछ छोड़ देना सिर्फ खुदगर्जी है। अपने पोस्ट के अंत में आदित्य ठाकरे ने इस पूरे घटनाक्रम को ‘गंदी राजनीति का सबसे घटिया उदाहरण’ बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की जनता इस तरह की धोखेबाजी को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। बता दें कि बीते दिनों उद्धव ठाकरे गुट ने दिल्ली में अपने सांसदों की एक जरूरी बैठक बुलाई थी और इसके लिए ‘व्हिप’ भी जारी किया था। लेकिन इसके बावजूद 6 सांसद इस बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक में केवल तीन सांसद अरविंद सावंत, अनिल देशाई और राजाभाऊ वाजे ही शामिल हुए और उन्होंने उद्धव ठाकरे के प्रति अपनी वफादारी दोहराई।

Also Read : 

Exit mobile version