Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Aero India भारत के पराक्रम और शक्ति का महाकुंभ : Rajnath Singh

February 10, 2025

Aero India भारत के पराक्रम और शक्ति का महाकुंभ : Rajnath Singh

Aero India Mahakumbh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया 2025 को भारत के पराक्रम और शक्ति का महाकुंभ करार देते हुए कहा है कि शान्ति का वटवृक्ष शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा रह सकता है। राजनाथ सिंह ने सोमवार को यहां 15वें एयरो इंडिया एयर शो एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह बड़ा सुखद संयोग है कि देश में अभी तीर्थराज प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है तथा यहां बेंगलुरु में रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में भारत की ताकत और उन्नत प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में जहां देश की संस्कति और आंतरिक शक्ति की झलक दिखाई देती है, वहीं एयरो इंडिया में देश के पराक्रम और शक्ति के महाकुंभ का आयोजन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में भारत एक ऐसा बड़ा देश है, जहां शांति और समृद्धि दिख रही है। उन्होंने कहा, कि ‘भारत के इतिहास का भी यदि आप आकलन करेंगे, तो आप पाएंगे कि हमने न ही किसी देश पर आक्रमण किया है और न ही हम किसी तरह की दुश्मनी में शामिल हुए हैं। एक बड़े देश के रूप में, भारत हमेशा से शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है। और जब मैं यह कह रहा हूं, तो यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे मौलिक आदर्श की बात है।‘‘

रक्षा मंत्री ने कहा, कि शांति कभी भी सुरक्षा की कमजोर स्थिति में हासिल नहीं की जा सकती। शान्ति का वटवृक्ष शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा रह सकता है। मेरा मानना है कि, हम सबको मिलकर मजबूत होना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे। मजबूत होकर ही हम एक बेहतर विश्व व्यवस्था के लिए काम कर पाएंगे।‘‘ रक्षा मंत्री ने कहा कि एयरो इंडिया का उद्देश्य यह है कि मित्र देशों के साथ परस्पर संबंधों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा, कि ‘आज एयरो इंडिया के मंच पर दुनिया भर से सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग जगत के नेता, वायुसेना के अधिकारी, वैज्ञानिक, रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, स्टार्ट-अप, शिक्षाविद और विभिन्न अन्य हितधारक एक साथ आए हैं। यह संगम हमारे भागीदारों को एक साथ लाने में कारगर साबित होगा, जिससे अंतत: हम सभी को लाभ होगा।‘‘

उन्होंने कहा कि भारत के लिए भारतीय सुरक्षा या भारतीय शांति अलग-थलग नहीं है। रक्षा मंत्री ने कहा, कि ‘सुरक्षा, स्थिरता और शांति साझा निर्माण हैं, जो राष्ट्रीय सीमाओं को पार करते हैं। विदेशों से हमारे मित्रों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि हमारे भागीदार एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के हमारे दृष्टिकोण को साझा करते हैं।‘‘ रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत बदलाव के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, कि ‘हम विकासशील से विकसित होने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हर क्षेत्र में हमें सुधार देखने को मिल रहे हैं। भारत एक लंबी छलांग लगा चुका है।‘‘

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी आज नवाचार की लहर चल पड़ी है। इस क्षेत्र में अब हम, पहले से कहीं ज्यादा तेजी से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में रक्षा क्षेत्र को भी खेती, ढांचागत उद्योग और अन्य क्षेत्रों की भांति आर्थिक क्षेत्र की तरह देखा जाये ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र, संपूर्ण व्यवस्था के साथ मिलकर काम कर रहा है। पिछले 10 सालों में हमने रक्षा क्षेत्र को, देश का प्राथमिकता का क्षेत्र माना है। रक्षा क्षेत्र के बजट में लगातार बढोतरी इसका उदाहरण है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया भर में एयरो स्पेस कलपुजरें और जटिल प्रणालियों की असेंबलिंग का गढ़ बन चुका है। इस मौके पर भारत के स्वदेशी विमानों तथा हेलिकॉप्टरों ने जोरदार एयर शो में हैरतअंगेज करतबबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें