Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली की भगदड़ के बाद महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की सतना रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

February 17, 2025

दिल्ली की भगदड़ के बाद महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की सतना रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Huge crowd of Devotees: मुंबई-हावड़ा मार्ग के प्रमुख स्टेशनों में से एक सतना रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज महाकुंभ मेले में जाने और आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार और रविवार को स्टेशन पर यात्रियों का भारी दबाव देखा गया।

ट्रेनों में भीड़ का आलम यह है कि यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। कई यात्री सीट न मिलने और अत्यधिक भीड़ की शिकायत कर रहे हैं। यात्रियों की मानें तो यात्रा काफी कठिन हो गई है, लेकिन श्रद्धालु किसी भी तरह प्रयागराज कुंभ पहुंचने की कोशिश में लगे हुए हैं।

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में कई लोगों की मौत के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। रीवा कमिश्नर, डीआईजी, सतना कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने सतना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जीआरपी प्रभारी राजेश राज के अनुसार, हर दिन हजारों यात्री सतना से प्रयागराज की यात्रा कर रहे हैं। भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस बल, जीआरपी, आरपीएफ स्टाफ और रेलवे स्टाफ को स्टेशन पर तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक कोई परेशानी या समस्या नहीं आई है और सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है। रेलवे की व्यवस्थाएं अच्छी तरह से संचालित हैं। हमें जिला स्तर पर पूरा सहयोग मिल रहा है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी यात्री अपनी ट्रेनों में आसानी से चढ़ जाएं और आने वाले यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए। स्थिति शांतिपूर्ण है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें