
Agniveer Reservation : अग्निवीर पर केंद्र सरकार के फैसले के 2 साल बाद CISF और BSF ने गुरुवार को पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण देने की घोषणा की। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही नियम लागू किए जाएंगे। BSF के डीजी नितिन अग्रवाल और CISF की डीजी नीना सिंह ने यह जानकारी दी। दरअसल, 18 जून 2022 को गृह मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। इसमें कहा गया था कि CAPF और असम राइफल्स में पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण दिया जाएगा। BSF, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और CISF सशस्त्र CAPF के अंतर्गत आते हैं। CISF की डीजी नीना सिंह ने कहा कि “भविष्य में कांस्टेबलों की सभी भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10% नौकरियां आरक्षित रहेंगी। फिजिकल टेस्ट नहीं देना होगा। आयु में छूट दी जाएगी। पहले बैच को आयु में 5 साल की छूट होगी, लेकिन अगले बैच से यह छूट केवल 3 साल की होगी।” 10% आरक्षण पर बीएसएफ डीजी नितिन अग्रवाल ने कहा, ‘अग्निवीर योजना से जवानों को 4 साल का अनुभव मिला है। वे पूरी तरह अनुशासित और प्रशिक्षित हो गए हैं। यह बीएसएफ के लिए बहुत अच्छी बात है। प्रशिक्षण के बाद चयनित अग्निवीरों को सीमा पर तैनात किया जाएगा।’
क्या है अग्निपथ योजना
सरकार ने 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की है। इसके तहत सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए युवाओं को अनुबंध पर भर्ती किया जाता है। 4 साल में छह महीने की ट्रेनिंग भी शामिल है। चार साल के बाद अग्निवीरों को उनकी कार्यकुशलता के आधार पर रेटिंग दी जाएगी। इस योग्यता के आधार पर 25% अग्निवीरों को स्थायी सेवा में लिया जाएगा। बाकी सिविल दुनिया में वापस लौट जाएंगे।
इस योजना में अधिकारी रैंक से नीचे के सैनिकों की भर्ती की जाएगी। यानी उनकी रैंक पर्सनल बिलो ऑफिसर रैंक यानी पीबीओआर होगी। इन सैनिकों की रैंक सेना में कमीशन्ड ऑफिसर और नॉन-कमीशन्ड ऑफिसर की नियुक्ति से अलग होगी। भर्ती वर्ष में दो बार रैली के माध्यम से की जाएगी।