नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कल 19 सितंबर 2025 को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रीकरण संघ (TMA), कृषि मशीनरी निर्माता संघ (AMMA), अखिल भारतीय कम्बाइन हार्वेस्टर निर्माता संघ (AICMA) तथा पावर टिलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (PTAI) सहित अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
किसानों को सस्ती मशीनरी का लाभ
हाल ही में केंद्र सरकार ने कृषि उपकरणों और मशीनरी पर जीएसटी दरों को 12% और 18% से घटाकर 5% कर दिया है। इस फैसले से ट्रैक्टर, पावर टिलर, कंबाइन हार्वेस्टर और अन्य उपकरणों की कीमतों में 7 से 13 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। इससे किसानों को सीधे तौर पर आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने में सुविधा होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार द्वारा जीएसटी में कमी से ट्रैक्टर व अन्य मशीनरी की कीमतें किसानों के लिए 7 से 13 प्रतिशत तक घटेंगी, वहीं सब्सिडी योजनाओं व घटे कराधान का दोहरा लाभ किसानों को मिलेगा और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत स्वदेशी कृषि मशीनरी निर्माताओं को भी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।

