Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने जारी किए सख्त निर्देश, नकली खाद-बीज बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई

August 18, 2025

कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने जारी किए सख्त निर्देश, नकली खाद-बीज बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली: नकली खाद और बीज की बिक्री से किसानों की फसलों को हो रही भारी नुकसान को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने दिल्ली में कृषि विभाग और आईसीएआर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर इस गंभीर समस्या पर चर्चा की और तुरंत प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।

नकली खाद,और कीटनाशक के कारण सैकड़ों किसान परेशान

शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों से कहा कि नकली खाद, बीज और कीटनाशक के कारण सैकड़ों किसान परेशान हैं, इसलिए उनकी पीड़ा को गंभीरता से लेना जरूरी है। उन्होंने स्वयं किसानों के खेतों का निरीक्षण कर खराब दवाओं के कारण फसलों के पूरी तरह नष्ट होने की जानकारी दी और इसे किसानों के लिए अभिशाप बताया।

कृषि अधिकारियों को निर्देश जारी

केंद्रीय मंत्री ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खेतों में जाकर जांच-पड़ताल करें और नकली खाद-बीज बेचने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर आकस्मिक छापेमारी करें। यदि सैंपल फेल पाया जाता है तो तुरंत कार्रवाई करते हुए फैक्ट्रियों और दुकानों को सील किया जाए।

इसके साथ ही शिवराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पॉली हाउस, ग्रीन हाउस और मैकेनाइजेशन के लिए दी जा रही सहायता का सत्यापन टीमों के माध्यम से किया जाए ताकि सब कुछ पारदर्शी और सही तरीके से हो। उन्होंने किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए भी व्यापक दिशा-निर्देश दिए ताकि वे नकली उत्पादों से सावधान रहें।

गड़बड़ी करने वालों पर सख्ती

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि हम जब कार्रवाई करेंगे तो गड़बड़ी करने वालों में भय पैदा होगा और किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समाधान जल्द से जल्द करने की बात भी कही। शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकारों से संवाद कर किसानों के हित में प्रभावी और संवेदनशील कार्रवाई करने को भी कहा।

कृषि मंत्री का यह कदम नकली खाद-बीज बिक्री के खिलाफ एक सशक्त संदेश है, जिससे किसानों को होने वाले नुकसान को रोका जा सकेगा और कृषि क्षेत्र की मजबूती सुनिश्चित होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें