Site icon Dainik Savera Times

अहमदाबाद विमान हादसा बहुत बड़ी घटना, सरकार करवाए जांच : अधीर रंजन चौधरी

Ahmedabad plane crash

Ahmedabad plane crash

Ahmedabad plane crash : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दुख जताया है और घटना की जांच की मांग की है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘यह बहुत दुखद घटना है, जब से मैंने इसके बारे में सुना है, मैं बहुत दुखी हूं। यह बहुत बड़ी घटना है, जिसमें सैकड़ों लोगों की अचानक एक साथ जान चली गई। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि देश में एविएशन सेक्टर लगातार बढ़ रहा है। इसलिए यात्रियों की सुरक्षा जरूरी है। ऐसे में सरकार को घटना की जांच करानी चाहिए, ताकि पता चल सके कि गलती कहां हुई। बता दें कि गुरुवार को अहमदाबाद से 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान रनवे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली यात्री सवार थे।

इस दौरान चौधरी ने पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पर उठाए सवाल-
कांग्रेस नेता ने पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए और इसके लिए राज्य की ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। चौधरी ने कहा कि हम लगातार बंगाल में दयनीय कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते रहे हैं। वहां का प्रशासन सरकार के अनुसार और आम लोगों की भावनाओं के खिलाफ काम कर रहा है।

चौधरी ने कहा कि बंगाल पुलिस अपने फायदे के लिए राज्य सरकार के इशारे पर काम करती है। उस पार्टी के नेता यह बात अच्छी तरह जानते हैं। इसलिए वे जानबूझ कर और बेखौफ होकर अपराध करते हैं। बंगाल में अपराध बढ़ने का कारण यह है कि पुलिस सरकार के इशारे पर काम करती है। सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के लिए काम करते हुए पुलिस अपना मूल काम और जुनून भूल गई है।

Exit mobile version