Ahmedabad plane crash : अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट जारी कर यह जानकारी दी है। इस पोस्ट में विमान दुर्घटना की जांच के लिए एक समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जो दुर्घटना के कारणों का पता लगाएगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पोस्ट के अनुसार, समिति का मुख्य उद्देश्य इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मौजूदा नियमों (एसओपी) और दिशा-निर्देशों की समीक्षा करना है। इसके साथ ही समिति ऐसी दुर्घटनाओं से निपटने के लिए नई और व्यापक दिशा-निर्देश तैयार करने का सुझाव देगी।
A High Level Multi-disciplinary Committee is constituted for examining the causes leading to the crash of the Air India Flight AI-171 from Ahmedabad to Gatwick Airport (London) on June 12, 2025.
The Committee will examine the existing Standard Operating Procedures (SOPs) and… pic.twitter.com/84h96oHT5f
— MoCA_GoI (@MoCA_GoI) June 13, 2025
पोस्ट में कहा गया है कि यह समिति अन्य संगठनों द्वारा की जा रही जांच का विकल्प नहीं है। इसका फोकस केवल भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने और उनका प्रबंधन करने के लिए बेहतर नियम बनाने पर है। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि समिति जल्द ही अपनी जांच शुरू करेगी और समय पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस कदम से विमानन सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद में उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से केवल 1 व्यक्ति ही बच पाया। हालात का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को घटनास्थल पर गए और वहां मौजूदा हालात का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों का हाल भी पूछा।
इस बीच, एयर इंडिया ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों की मदद के लिए मित्र और सहायता केंद्र भी स्थापित किए हैं। ये केंद्र मुख्य रूप से दिल्ली, मुंबई और गैटविक एयरपोर्ट पर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों की मदद करना है। एयर इंडिया ने शुक्रवार को ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।

