Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी चुनाव : एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी ने किया गठबंधन, चंद्रशेखर होंगे CM पद के उम्मीदवार

November 13, 2026

यूपी चुनाव : एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी ने किया गठबंधन, चंद्रशेखर होंगे CM पद के उम्मीदवार

लखनऊ : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने वीरवार को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान करते हुए 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की। मोर्चे ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगा। इसका लक्ष्य भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाना है। ओवैसी ने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि चंद्रशेखर आजाद इस मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।’

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव भविष्य में कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने गठबंधन को भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प बताते हुए कहा कि दोनों दल इसे सफल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे। ओवैसी ने कहा कि शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे मोर्चे की प्राथमिकताओं में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, अगर हमें लोगों के लिए अपनी जान भी देनी पड़े, तो हम इसे अपने लिए एक अच्छा सौदा मानेंगे। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का ‘पहला मोर्चा’ है, जो कमजोर, वंचित, शोषित और पीड़ित वर्गों के जुड़ने से मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें