Site icon Dainik Savera Times

वेस्ट एशिया तनाव के बीच राहत भरी खबर, दुबई से 149 यात्रियों को लेकर Air India की फ्लाइट दिल्ली पहुंची

Air India flight carrying 149 passengers from Dubai reaches Delhi

Air India flight carrying 149 passengers from Dubai reaches Delhi

नई दिल्ली: वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI916D मंगलवार को दुबई से 149 यात्रियों और 8 क्रू मेंबर के साथ सुरक्षित रूप से नई दिल्ली पहुंची। यह फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरी।

एयर इंडिया ने बताया कि मौजूदा हालात के बीच यह किसी भी भारतीय एयरलाइन की पहली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट थी जो राष्ट्रीय राजधानी में पहुंची। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उन्हें अपने यात्रियों और क्रू का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। एयरलाइन ने इस सफल संचालन के लिए भारत सरकार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और दुबई की स्थानीय प्रशासनिक टीमों का धन्यवाद किया। एयर इंडिया के मुताबिक, सभी एजेंसियों के सहयोग से यह उड़ान संभव हो सकी।

दुबई एयरपोर्ट पर धीरे-धीरे बहाल हो रही सेवाएं

दुबई एयरपोर्ट्स ने जानकारी दी है कि 2 मार्च की शाम से कुछ उड़ानों को फिर से संचालित करने की अनुमति दे दी गई है। ये उड़ानें दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (DXB) और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (DWC) से संचालित की जा रही हैं। हालांकि, अधिकारियों ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट तभी जाएं जब उनकी एयरलाइन उनसे सीधे संपर्क कर उड़ान के समय की पुष्टि कर दे।

क्यों बिगड़े हालात?

28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इज़राइल की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने कई अरब देशों की ओर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इसके चलते कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और हजारों यात्री फंस गए थे। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं और यूएई में फंसे हजारों भारतीयों की घर वापसी शुरू हो गई है। एयर इंडिया की यह उड़ान उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है जो कई दिनों से भारत लौटने का इंतजार कर रहे थे।

Exit mobile version