Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

सऊदी अरब जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

October 31, 2026

सऊदी अरब जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें 14 नवंबर तक रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

इंटरनेशल डेस्कः सऊदी अरब में बढ़ते तनाव और सुरक्षा से जुड़े हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों एयरलाइंस ने सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानों को 14 नवंबर 2026 तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस फैसले का असर उन यात्रियों पर पड़ सकता है, जिन्होंने इन शहरों के लिए पहले से टिकट बुक करवा रखे हैं। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए कुछ राहत भी दी गई है। प्रभावित यात्री चाहें तो अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या फिर टिकट रद्द करवाकर पूरा पैसा वापस ले सकते हैं।

जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए उड़ानें रहेंगी बंद
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के मौजूदा हालात को देखते हुए इन तीनों शहरों से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को रोकने का फैसला किया है। यह रोक 14 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। कंपनियों के मुताबिक, क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रियों और उड़ानों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। ऐसे में जिन लोगों ने इन शहरों के लिए यात्रा की योजना बनाई है, उन्हें अपनी बुकिंग से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यात्रियों को एक बार मुफ्त रीबुकिंग की सुविधा
उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने राहत का ऐलान किया है। इसके तहत पात्र यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक बार अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। इसके अलावा, अगर कोई यात्री अब यात्रा नहीं करना चाहता तो वह अपना टिकट रद्द करवाकर पूरा रिफंड भी ले सकता है। यानी यात्रियों के पास अपनी सुविधा के अनुसार रीबुकिंग या रिफंड लेने का विकल्प रहेगा।

किन यात्रियों को मिलेगा इस सुविधा का लाभ
एयरलाइंस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह सुविधा उन यात्रियों को मिलेगी, जिनके टिकट 30 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए हैं और जिनकी यात्रा 14 नवंबर 2026 तक तय थी। ऐसे यात्री सीटों की उपलब्धता के आधार पर अपनी यात्रा को 29 नवंबर 2026 तक के लिए रीबुक करवा सकते हैं। हालांकि, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए रीबुकिंग की सुविधा के नियम अलग-अलग रखे गए हैं।

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए अलग सुविधा
एयर इंडिया के यात्री: एयर इंडिया के प्रभावित यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी ऐसे स्टेशन से आने-जाने के लिए अपनी टिकट रीबुक करवा सकते हैं, जहां से फिलहाल एयरलाइन की उड़ानें संचालित हो रही हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री: एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में एयरलाइन के किसी भी चालू स्टेशन के लिए अपनी यात्रा की नई बुकिंग करवा सकते हैं। दोनों ही एयरलाइंस में यह सुविधा सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी।

रीबुकिंग और रिफंड के लिए कहां करें संपर्क
जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वे मदद के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कस्टमर सर्विस टीम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, यात्री अपने शहर में मौजूद एयरलाइंस के टिकट बुकिंग कार्यालयों में जाकर भी जानकारी ले सकते हैं। दोनों कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए कॉल सेंटर नंबरों के जरिए भी रीबुकिंग और रिफंड की प्रक्रिया के बारे में पता किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट रद्द करवाने या नई तारीख पर बुकिंग कराने से पहले एयरलाइन से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें।

सऊदी अरब में हमलों की खबरों के बीच लिया गया फैसला
सऊदी अरब में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हाल के दिनों में वहां हवाई अड्डों और अन्य नागरिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। रियाद और दम्माम के एयरपोर्ट भी हमलों की चपेट में आए हैं। दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गए। वहीं, सऊदी अरब के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

इन्हीं घटनाओं और क्षेत्र में जारी तनाव को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानें 14 नवंबर तक बंद रखने का फैसला किया है। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट और कस्टमर केयर से संपर्क में रहें।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें