
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के तहत एयर मार्शल नागेश कपूर ने 1 जनवरी 2026 को उप वायुसेना प्रमुख का कार्यभार संभाल लिया। वायु मुख्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से यह दायित्व सौंपा गया। एयर मार्शल कपूर को दिसंबर 1986 में फ्लाइंग ब्रांच में कमीशन मिला था। लगभग 4 दशकों के करियर में उन्होंने मिग-21 के सभी वेरिएंट और मिग-29 सहित कई लड़ाकू और प्रशिक्षण विमान उड़ाए हैं। वे 3,400 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव वाले अनुभवी फाइटर पायलट, क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और फाइटर कॉम्बैट लीडर हैं।
उन्होंने स्क्वाड्रन कमांडर, स्टेशन कमांडर, एयर ऑफिसर कमांडिंग, एयर फोर्स एकैडमी में चीफ इंस्ट्रक्टर, डिफैंस अटैची सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दी है। भारतीय वायुसेना के आधुनिकीकरण और परिचालन क्षमता बढ़ाने में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया है। एयर मार्शल कपूर को 2008 में वायुसेना मेडल, 2022 में अति विशिष्ट सेवा मैडल और 2025 में परम विशिष्ट सेवा मेडल व सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। उन्होंने एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी का स्थान लिया है, जो 31 दिसंबर 2025 को उप वायुसेना प्रमुख पद से सेवानिवृत्त हुए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...