Site icon Dainik Savera Times

बिहार के कई शहरों में बनेंगे छोटे हवाई अड्डे, कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी

Airport in Bihar

Airport in Bihar

Airport in Bihar : मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर समेत बिहार के कई शहरों में छोटे एयरपोर्ट के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को राजधानी पटना में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में इन शहरों में छोटे एयरपोर्ट को लेकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दी गई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की इस बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद थे। इस बैठक में कुल 20 एजेंडों को मंजूरी दी गई है। बताया गया कि इस बैठक में उड़ान योजना के तहत मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकि नगर, मुजफ्फरपुर और सहरसा एयरपोर्ट को छोटे एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली और राज्य सरकार के बीच समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी गई।

इसके अलावा, इस कैबिनेट बैठक में बिहार पुलिस के अंतर्गत गठित विशेष सहायक पुलिस में बहाल भारतीय सेना के 1717 सेवानिवृत्त सैनिकों की संविदा अवधि को भी वित्तीय वर्ष 2025-2026 तक बढ़ा दिया गया है। इस बैठक में राज्य खेल अकादमी एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर के खेल प्रशिक्षक संवर्ग नियमावली 2025 को भी मंजूरी दी गई तथा बैठक में पटना में होटल पाटलिपुत्र अशोक की जमीन पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से पांच सितारा होटल के निर्माण के लिए आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण द्वारा अनुमोदित रियायत समझौता दस्तावेज के आधार पर सफल निविदाकार को अवार्ड लेटर जारी करने की स्वीकृति दी गई।

कैबिनेट बैठक में राजस्व विभाग के जटिल एवं पेचीदा मामलों पर सलाह, सुझाव एवं प्रारूप तैयार करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत राजस्व परामर्शदात्री समिति के गठन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा शिक्षा विभाग के अंतर्गत विकास गतिविधियों के क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए संविदा के आधार पर सलाहकार बैंक के तीन पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी गई है।

Exit mobile version