Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है…अजमेर जनसभा में पहुंचे मुस्लिम समुदाय ने लगाए नारे

February 28, 2026

ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है…अजमेर जनसभा में पहुंचे मुस्लिम समुदाय ने लगाए नारे

नेशनल डेस्क: राजस्थान के अजमेर में आज यानि 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी जनसभा आयोजित हो रही है। सभा को लेकर शहर में सुबह से ही हलचल देखी जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी बड़ी तादाद में इस सभा में शामिल हो रहे हैं।

रोजा होने के बावजूद कई मुस्लिम लोग टोपी पहनकर और हाथों में पोस्टर लेकर कार्यक्रम स्थल की ओर जाते नजर आए। कुछ लोग नारेबाजी भी करते दिखे। इस दौरान ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ जैसे नारे लगाए गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। कई बुर्का पहने महिलाएं भी सभा में शामिल होने पहुंची हैं। कार्यक्रम में आए लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम करते हैं, इसलिए वे उनका समर्थन करने आए हैं।

वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा के मद्देनजर कई संगठनों के नेताओं को नजरबंद किया गया है। जयपुर समेत राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में करणी सेना और यूथ कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं को एहतियातन घर पर ही रोका गया है या हिरासत में लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह का विरोध या हंगामा न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है। करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को भी शुक्रवार (27 फरवरी) से नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रखी गई है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले लोगों की दो चरणों में जांच की जा रही है। बिना जांच के किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। लोगों के बैग, पोस्टर और बैनर तक चेक किए जा रहे हैं। यहां तक कि यह भी देखा जा रहा है कि किसी ने विरोध के संकेत के तौर पर काले कपड़े या काला रूमाल तो नहीं रखा है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक एआई समिट के दौरान हुए हंगामे के बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। इसी वजह से अजमेर में होने वाले इस कार्यक्रम में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर पहले ही कुछ संगठनों ने विरोध का ऐलान किया था। करणी सेना ने यूजीसी के नियमों में बदलाव के मुद्दे पर, यूथ कांग्रेस ने जनहित से जुड़े सवालों को लेकर और किसानों के कुछ समूहों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने की बात कही थी। इन सबके बीच अजमेर में आज प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा हुआ है। प्रशासन जहां शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दे रहा है। वहीं बड़ी संख्या में समर्थक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें